जालंधर /ऊधमपुर (आरती) : ऊधमपुर से करीब 4 किलोमीटर दूर मियां बाग क्षेत्र में एक जिंदा मोर्टार शैल बरामद किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने बम निरोधक दस्ते के साथ मिलकर इसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर डिफ्यूज कर दिया।
मियां बाग क्षेत्र के कुछ लोगों ने मोर्टार शैल देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी ऊधमपुर, रघुवीर सिंह चौधरी, बम निरोधक दस्ते के साथ मौके पर पहुंचे। शैल को जगानू पुल के समीप एकांत स्थान पर ले जाया गया, जहां गहरा गड्ढा खोदकर इसे डिफ्यूज कर दिया गया।

अनुमान है कि पिछले दिनों हुई भारी बारिश के चलते यह मोर्टार शैल पानी में बहकर यहां आ गया होगा। इस क्षेत्र के निकट एयरफोर्स का स्टेशन भी है, जिससे इसकी उपस्थिति और अधिक संदेहास्पद हो जाती है। साथ ही, किसी शरारती तत्व द्वारा इसे यहां रखा गया हो सकता है, क्योंकि पास में रेलवे ट्रैक भी है।
पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह मोर्टार शैल कहां से आया और इसे यहां किसने रखा। समय रहते इसका पता चल जाने से एक बड़ी दुर्घटना टल दुर्घटना टल गई।















