जालंधर /हमीरपुर (आरती ) : उपायुक्त अमरजीत सिंह ने घोषणा की है कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की मतदाता सूची तैयार करने के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है। इस कार्यक्रम के अनुसार, मतदाता सूची में पंजीकरण करवाने की अंतिम तिथि अब 16 सितंबर निर्धारित की गई है।
उपायुक्त ने जानकारी दी कि 16 सितंबर तक पंजीकृत मतदाताओं की सूचियों की पांडुलिपियों को 7 अक्तूबर तक संबंधित केंद्रों पर प्रारंभिक प्रकाशन के लिए तैयार किया जाएगा। इसके बाद, 8 अक्तूबर को प्रारंभिक सूचियों का प्रकाशन किया जाएगा और इन पर दावे या आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी, जो कि 28 अक्तूबर तक संबंधित एसडीएम के समक्ष दर्ज करवाई जा सकती हैं।
संबंधित एसडीएम सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा 6 नवंबर तक करेंगे और इस संबंध में उपायुक्त को सूचित करेंगे। अंतिम रूप से मतदाता सूचियों का प्रकाशन 21 नवंबर को किया जाएगा। सिक्ख महिला मतदाताओं के लिए पंजीकरण फार्म के साथ फोटो लगाना ऐच्छिक रखा गया है।















