जालंधर /नूरमहल (आरती) : नूरमहल पुलिस ने 8 जुलाई को निकटवर्ती गांव सुन्नर कलां के किसान रेशम सिंह पर गोली चलाने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जांच अधिकारी एस.आई. जगजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान गुरविंदर सिंह उर्फ सन्नी हाम्ला (थाना लाडोवाल, जिला लुधियाना), सरबजीत सिंह (गांव सरहाली कलां, जिला तरनतारन), गगनदीप सिंह (गांव सोहावा, थाना सरहाली कलां, जिला तरनतारन), बलदेव सिंह (गांव ठट्टा सरहाली, जिला तरनतारन), रेशम सिंह (गांव सरहाली कलां, जिला तरनतारन) और बलजीत सिंह उर्फ मितू (निवासी सरहाली कलां, तरनतारन) के रूप में हुई है।
नूरमहल पुलिस ने शूटरों के खिलाफ मामला दर्ज कर माननीय अदालत से 2 दिन का रिमांड हासिल कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, रिमांड के दौरान और भी खुलासे होने की संभावना है।
ज्ञात हो कि किसान रेशम सिंह अपने कुएं से धान की पनीरी लेने के लिए अपने ट्रैक्टर पर जा रहे थे, तभी पीछे से आकर 3 अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने उन पर गोली चलाई, जो उनकी जांघ में लगी। आरोपी फरार हो गए। रेशम सिंह को लुधियाना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

















