पंजाब के जालंधर में बहुचर्चित करमा फैशन के बाहर 27 जनवरी को एक धमकी भरा पत्र मिलने के मामले में सिटी पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी किस गैंग से जुड़ा है, इस पर अभी तक कोई खुलासा नहीं हो पाया है। जल्द सभी को पुलिस कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। हालांकि, अभी इसे लेकर कोई अधिकारी पुष्टि नहीं कर रहा है। गिरफ्तार किया गया आरोपी मोहल्ला न्यू गोपाल नगर, नीलामहल, न्यू दाना मंडी और शहीद बाबू लाभ सिंह नगर के रहने वाले हैं। एक आरोपी की पहचान संजू के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किया गया आरोपी किसी गैंग से जुड़े हैं कि नहीं, इस पर पुलिस की जांच जारी है। हालांकि सूत्रों से पता चला है कि पुलिस को कुछ फोन नंबर और अन्य संदिग्ध चीजे मिली हैं, जिससे पता चलता है कि आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टर के टच में थे। पुलिस को कुछ अकाउंट नंबर भी मिले हैं, जोकि संदिग्ध माने जा रहे हैं। हालांकि चर्चा यह भी है कि उक्त मामला साइबर फ्राड से जुड़ा है। इसे लेकर जल्द सिटी पुलिस खुलासा कर सकती है। थाना-4 की पुलिस ने इसे लेकर करमा फैशन के मालिक की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया था। तब से आरोपी की तलाश जारी थी।

















