जालंधर/गुरदासपुर(नवनीत कौर) : गुरदासपुर में चोरी की वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। आज भी गुरदासपुर के बटाला रोड पर पड़ते दशमेश नगर में एक घर से चोरों ने करीब 3 तोले सोने के गहने और 12 हजार रुपए चुरा लिए। यह घटना उस समय हुई जब दोनों पति-पत्नी अपनी ड्यूटी पर गए थे। सिटी पुलिस गुरदासपुर ने इस संबंध में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धारा 454,380 के तहत मामला दर्ज किया है। इस संबंध में सुखजिंदर पाल सिंह ने सिटी पुलिस गुरदासपुर को दी शिकायत में कहा कि वह और उसकी पत्नी अपने घर को ताला लगाकर अपनी-अपनी ड्यूटी पर चले गए। जब शाम को 4.15 बजे जब वे घर आए तो देखा कि कमरे का दरवाजा टूटा हुआ था और कमरे में रखी लोहे की अलमारी टूटी हुई थी। जांच करने पर पता चला कि 2 सोने की चूड़ियां, एक सोने का हार और टॉप्स, अंगूठी, सोने का कंगन, चेन व 12 हजार रुपए कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया था। ए.एस.आई. जगजीत सिंह ने कहा कि सुखजिंदर पाल सिंह के बयानों पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।


















