जालंधर/दिल्ली (आरती) – दिल्ली शराब घोटाले में तिहाड़ जेल में बंद बीआरएस नेता के कविता की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कविता कई बार अपनी जमानत के लिए अदालत का दरवाजा खटखटा चुकी हैं, लेकिन अब तक उन्हें राहत नहीं मिल पाई है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का आरोप है कि ‘साउथ ग्रुप’ ने आम आदमी पार्टी के नेताओं के लिए विजय नायर और अन्य लोगों को 100 करोड़ रुपये की रिश्वत दी थी। के कविता को इस ‘साउथ ग्रुप’ का हिस्सा माना जाता है, जिसमें दक्षिण भारत के राजनेता, नौकरशाह और कारोबारी शामिल हैं। ईडी के अनुसार, कविता ने 19-20 मार्च 2021 को विजय नायर से मुलाकात की थी और इसी साल 15 मार्च को उन्हें हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया था।
दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने 17 नवंबर 2021 को एक्साइज पॉलिसी 2021-22 लागू की, जिसके तहत सरकार ने शराब कारोबार से खुद को अलग कर लिया और सभी दुकानों को निजी हाथों में सौंप दिया। सरकार का दावा था कि इस नई नीति से माफिया राज खत्म होगा और सरकारी राजस्व में बढ़ोतरी होगी।
हालांकि, इस पॉलिसी को लेकर कई सवाल उठे हैं और भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते यह मामला अब ईडी की जांच के दायरे में है। के कविता की गिरफ्तारी और उनकी स्वास्थ्य स्थिति ने इस मामले को और भी सुर्खियों में ला दिया है।















