दवाइयों से नहीं, बल्कि सही खान-पान से बेहतर हो सकती है सेहत

0
76

जालंधर/बठिंडा(सिमरन) : पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री श्री बलबीर सिंह ने कहा कि सेहत केवल दवाइयों से नहीं, बल्कि पौष्टिक खान-पान और सही जीवनशैली से बेहतर बनाई जा सकती है। यह बात उन्होंने बठिंडा के सिविल अस्पताल में डेंगू की रोकथाम और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के मुद्दे पर आयोजित एक बैठक में कही। इस मौके पर बठिंडा शहरी के विधायक श्री जगरूप सिंह गिल और डिप्टी कमिश्नर श्री शौकत अहमद पारे भी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य मंत्री ने सभी डॉक्टरों को निर्देश दिए कि अस्पताल में मेडिकल छात्रों की ट्रेनिंग आयोजित की जाए और उनकी सेवाएं स्वास्थ्य सेवाओं में ली जाएं। इसके साथ ही उन्होंने सरकारी स्कूलों के छात्रों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। डेंगू के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए उन्होंने छात्रों को जागरूक करने और हर शुक्रवार को ‘ड्राई डे’ मनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि कूलर, फ्रिज और अन्य जगहों पर पानी जमा न होने देने के प्रति भी छात्रों और जनता को जागरूक किया जाए।

श्री बलबीर सिंह ने अस्पताल में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने निर्देश दिया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों का ब्लड प्रेशर, शुगर और अन्य प्रारंभिक जांच अनिवार्य रूप से की जाए ताकि बीमारियों का पता समय रहते लगाया जा सके।

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर सरकार प्रतिबद्ध
मीडिया से बात करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं में व्यापक सुधार कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले जिला स्तरीय अस्पतालों को और फिर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को आधुनिक बनाया जाएगा।

बठिंडा शहरी के विधायक श्री जगरूप सिंह गिल ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में आम जनता को उनके घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि डायलिसिस और फिजियोथैरेपी जैसी आधुनिक सुविधाएं यहां उपलब्ध हैं, जो लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित हो रही हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

इस अवसर पर पंजाब मीडियम इंडस्ट्रीज़ डिवेलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन श्री नील गर्ग, आबकारी और कर विभाग के चेयरमैन श्री अनिल ठाकुर, जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन श्री अमृत लाल अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी और डॉक्टर उपस्थित रहे।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here