जालंधर/लुधिअना (sneha) : पंजाब की लुधियाना सेंट्रल जेल में बंद मर्डर के आरोपी ने कैदियों संग बर्थडे पार्टी की। बैरक के अंदर आरोपी ने 15 से 20 कैदियों के साथ जश्न मनाया। इस दौरान कैदियों ने चाय और पकौड़े खाए। इसके साथ पंजाबी सिंगर करण औजला के गानों पर डांस किया।
इस जश्न की एक कैदी ने फोन से वीडियो बनाई और फिर सोशल मीडिया पर शेयर कर दी। यह फोन उसी कैदी का था, जिसका बर्थडे मनाया जा रहा था।
वीडियो वायरल होने के बाद जेल प्रशासन हरकत में आया और बैरक में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान कैदी ने मोबाइल जमीन पर पटक कर तोड़ दिया। थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जेल प्रशासन द्वारा केस में 6 अन्य कैदियों के नाम भी जोड़ने के लिए दिए गए हैं। हत्या के केस में हिमाचल के ऊना जिले का मनी राणा लुधियाना सेंट्रल जेल में बंद है। 15 दिन पहले उसका बर्थडे था। उसने बैरक के अंदर साथियों के साथ बर्थडे मनाया। वायरल वीडियो में कैदी मनी वीर हैप्पी बर्थडे कहते दिख रहे हैं। इस दौरान वह गिलास टकराकर चीयर्स करते भी दिखे।
जिस वक्त कैदी पार्टी कर रहे थे उस समय जेल प्रशासन के अधिकारी अपने दफ्तरों में थे। कैदियों ने बर्थडे मनाने के लिए बैरक के बाहर बनी भट्ठी पर चाय और पकौड़े बनाए।

















