पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के लिए एक बार फिर मौसम विभाग ने ठंड का येलो अलर्ट जारी किया है। हिमाचल के अलावा जम्मू कश्मीर व उत्तराखंड में हुई बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों पर दिखने लगा है। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले कुछ दिन न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के कारण पंजाब के न्यूनतम तापमान में सामान्य से 1.7 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया है। बीते महीने रात का तापमान जो 8 डिग्री के करीब दर्ज किया जा रहा था, वह अब 5 डिग्री के करीब दर्ज किया जा रहा है। दिन के समय अच्छी धूप खिलती है, लेकिन रातें ठंडी हो रही हैं। हरियाणा का न्यूनतम तापमान अभी सामान्य के करीब है, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें गिरावट दर्ज की जाएगी। यहां भी पहाड़ों से बर्फबारी के कारण आने वाली हवाएं तापमान में गिरावट लाएंगी। चंडीगढ़ में भी ऐसे ही हालात बने हुए हैं।


















