जालंधर(नवनीत कौर) : रेड करने आई थाना पतारा की पुलिस पर गांव पतारा में नशा कर रहे युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया जिसके चलते 2 पुलिस कर्मचारी घायल भी हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।थाना पतारा के प्रमुख इंस्पैक्टर बलजीत सिंह हुंदल ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी गांव पतारा निवासी त्रिलोक लाल उर्फ हरमन संधू उर्फ सोनू के घर में बैठकर कुछ युवक नशा कर रहे हैं और वह भोले भाले अन्य लड़के-लड़कियों को भी नशा करने के लिए उकसा रहे हैं। इस सूचना के आधार पर रेड करने गई पुलिस पार्टी ने उक्त घर का दरवाजा खटखटाया तो दरबाजे पर आए हरमन संधू सोनू ने पुलिस कर्मचारियों को जान से मार देने की नीयत से उन पर किसी तेजधार हथियार से हमला कर दिया।
हरमन ने पुलिस कर्मचारी जसवीर सिंह को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके अलावा हैड कांस्टेबल बरजिंदर पाल भी घायल हो गया। उसकी वर्दी भी खून से लथपथ हो गई। इतना ही नहीं इसके बाद हरमन ने अपने साथियों समेत घर की छत पर चढ़कर भी नीचे खड़े पुलिस कर्मियों ईंट-पत्थर फैंकने शुरू कर दिए और नशे की हालत में हरमन व अन्य पुलिस मुलाजिमों को गालियां निकालते हुए साथ लगते घरों की छतों पर चढ़कर फरार होने में सफल हो गए। एस. एच.ओ. बलजीत सिंह हुंदल ने बताया कि आरोपियों की पहचान त्रिलोक लाल उर्फ हरमन संधू सोनू, गगनदीप सिंह , हरमनजोत सिंह ,गुरजीत सिंह जीता ,संदीप कुमार शीपा परगट सिंह रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ आई.पी.सी. की धारा 307, 353, 186, 332, 148 व 149 के तहत एफ.आई.आर. नंबर-22 थाना पतारा में दर्ज की गई है। इंस्पैक्टर बलजीत सिंह हुंदल ने कहा कि पुलिस पर हमला करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें रेड कर रही हैं।

















