जालंधर : मकसूदा मंडी में बीती रात एक बड़ी घटना सामने आई है। मंडी से सामान लोड कर जा रहे गाड़ी चालक को लुटेरों ने निशाना बनाया। हालांकि लूट की कोशिश नाकाम रही, लेकिन लुटेरे जाते-जाते गाड़ी चालक को गोली मारकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, गत रात करीब 10:30 बजे उधम सिंह, निवासी कालिया कॉलोनी, जो गाड़ी चलाता है, मकसूदा सब्जी मंडी में सामान लोड करने के बाद जा रहा था। तभी ब्राउन रंग की इंडिका कार में सवार चार युवकों ने उसकी गाड़ी के आगे अपनी गाड़ी लगा दी। लुटेरों के साथ पहले से ही मंडी में खड़े दो युवक भी शामिल थे, जो पैदल आए थे। सभी ने उधम सिंह को पिस्तौल दिखाकर लूटने की कोशिश की।
गाड़ी चालक उधम सिंह ने हिम्मत दिखाते हुए लुटेरों की पिस्तौल छीनने का प्रयास किया, इसी बीच लुटेरों ने गोली चला दी, जो उधम के हाथ में लगी। लुटेरे गोली मारकर मौके से फरार हो गए। घायल उधम सिंह को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है और गोली उसके हाथ में फंसी हुई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लुटेरों की तलाश जारी है। इस घटना ने मंडी में सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं और व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल है।













