मालदीव सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत पर अपमानजनक टिप्पणी करने वाले तीन मंत्रियों को कैबिनेट से सस्पेंड कर दिया। इनमें मरियम शिउना, माल्शा शरीफ और अब्दुल्ला महजूम माजिद शामिल हैं। दरअसल, PM मोदी ने 4 जनवरी को लक्षद्वीप विजिट की फोटो शेयर की थी। मालदीव के नेताओं ने PM मोदी और लक्षद्वीप पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसमें भारत की टूरिज्म सेक्टर में फेसेलिटीज को लेकर भी कमेंट्स थे।
मंत्रियों के आपत्तिजनक कमेंट्स के बाद भारत में सोशल मीडिया पर हैशटैग BoycottMaldives ट्रेंड होने लगा। कई भारतीयों ने मालदीव की छुट्टियां कैंसिल कर दी हैं। लोगों का कहना है कि PM मोदी के लक्षद्वीप दौरे से मालदीव के टूरिज्म को तगड़ा झटका लगने वाला है।
मालदीव सरकार के मुताबिक, भारतीय यहां जाने वाले टॉप-10 विदेशी टूरिस्ट में शामिल हैं। अकेले 2023 में 2 लाख से ज्यादा भारतीय मालदीव घूमने गए। इसके बाद रूस और चीन के टूरिस्ट का नंबर है। मालदीव की अर्थव्यवस्था टूरिज्म इंडस्ट्री पर निर्भर है। यहां की GDP में 28% से ज्यादा योगदान टूरिज्म इंडस्ट्री का है।


















