जालंधर (sneha) : धुंध और कोहरे के कारण उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड होने लगी है। सबसे पहले बात कर लें कि आज का मौसम कैसा रहेगा तो, आपको बता दें कि दिसंबर के शुरुआत से ही देश के कई राज्यों में बारिश तो पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी शुरु हो गई है। पंजाब में भी दिसंबर के शुरुआत से ही लगातार ठंड बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग ने पंजाब के 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया। इसके मुताबिक इन जिलों में कई जगहों पर सुबह घना कोहरा छाया रहेगा। विभाग ने वाहन चालकों को इस दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। आज सुबह भी पंजाब के कई इलाके घने कोहरे से ढके हुए हैं।
मौसम विभाग द्वारा जारी येलो अलर्ट वाले जिलों में गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा और लुधियाना शामिल हैं। विभाग के मुताबिक, हालांकि अगले चार दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन कोहरे के कारण दिन और रात के तापमान में गिरावट होगी।
इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी शुरू हो गई है। बदरीनाथ धाम में तापमान अधिकतम 3 डिग्री और न्यूनतम माइनस 4 डिग्री तक पहुंच गया।
















