जालंधर/लक्षद्वीप (sneha) : भारत सरकार लक्षद्वीप में एयरपोर्ट बनाने की तैयारी कर रही है। मिनिकॉय आइलैंड में बनने वाले एयरपोर्ट से फाइटर जेट्स, मिलिट्री ट्रांसपोर्ट प्लेन और कॉमर्शियल एयरक्राफ्ट ऑपरेट होंगे। फिलहाल लक्षद्वीप के अगत्ती में एक हवाई पट्टी है, जहां से छोटे विमान ऑपरेट होते हैं।
एयरपोर्ट बनाने का प्रस्ताव इंडियन कोस्ट गार्ड ने रखा है। जिसके बनने के बाद टूरिज्म में इजाफा होगा। साथ ही अरब सागर और हिंद महासागर में भारत की निगरानी मजबूत होगी।
यह केंद्र शासित प्रदेश है, जो 36 छोटे-छोटे द्वीपों का समूह है। केरल के कोच्चि से इनकी दूरी करीब 440 किमी है। यहां की कुल आबादी करीब 64 हजार है, जिसमें 96% मुस्लिम हैं। यहां प्रमुख रूप से मलयालम भाषा बोली जाती है। हर साल करीब 25 हजार पर्यटक लक्षद्वीप घूमने जाते हैं।


















