जालंधर/चंडीगढ़(नवनीत कौर) : लोकसभा चुनाव से पहले अपने ही अपनों पर निशाना साध रहे हैं। जालंधर से कांग्रेस उम्मीदवार पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और फिल्लौर से कांग्रेस विधायक विक्रमजीत सिंह चौधरी एक दूसरे के खिलाफ खुलकर बोल रहे हैं।चौधरी ने बताया कि चन्नी साहब का ट्रैक रिकॉर्ड बताता है कि वह महिलाओं का सम्मान नहीं करते। उन्होंने एक वरिष्ठ आई.ए.एस. महिला अधिकारी को गलत मैसेज भेजे और जब इसकी शिकायत हुई तो उन्होंने माफी मांगते हुए पल्ला छुड़ाया। चन्नी साहब से अनुरोध है कि इन बातों को ढके रहने दो क्योंकि जब बातें खुली तो फिर उन्हें कोई जवाब नहीं आएगा। चन्नी जहां भी गए, उन्होंने पार्टी को नुकसान ही पहुंचाया। उन्होंने अपने रिश्तेदार महिंदर सिंह के.पी. के साथ भी धोखा किया।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत यात्रा के दौरान उनके पिता की जान चली गई थी। वह कांग्रेस के लिए शहीद हुए। इतने बड़े बलिदान के बाद भी उनकी माता करमजीत कौर चौधरी की उपेक्षा की गई। पार्टी को इस बारे में सोचना चाहिए था। चन्नी साहब ने अलग-अलग चैनलों से कहा कि उनकी माता जी 80 साल के हो गए हैं,, क्या उन्हें उनकी मां की उम्र पता है? अगर मेरी माता जी की उम्र 80 साल की है तो चन्नी साहब भी लगभग 70 साल के होंगे क्योंकि उनकी मां उनसे सिर्फ 9 या 10 साल ही बड़ी हैं। वैसे भी ये बातें चन्नी साहब को शोभा नहीं देती। उन्होंने कहा कि चन्नी पंजाब के एकमात्र मुख्यमंत्री हैं, जो मुख्यमंत्री रहते हुए दो-दो सीटों पर हारे।

















