पंजाब के जालंधर से AAP के लोकसभा सांसद सुशील कुमार रिंकू ने औपचारिक रूप से रेल मंत्री से वंदे भारत एक्सप्रेस का सिटी-कैंट रेलवे स्टेशन पर स्टॉपेज रखने की मांग को उठाया है। जिसमें मुख्य तौर पर नई दिल्ली-कटरा मार्ग पर चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का जालंधर कैंट में स्टॉपेज रखने की मांग की गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को संबोधित पत्र में सांसद रिंकू ने कहा कि ट्रेन का ठहराव लुधियाना और अंबाला में है। लेकिन जालंधर में नहीं।
आप सांसद सुशील कुमार रिंकू ने कहा- जल्द अमृतसर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू हो जाएगी। इस रूट में भी जालंधर को शामिल नहीं किया गया है। ट्रेन का स्टॉपेज के रूप में जालंधर शामिल नहीं है। टेन लधियाना, अंबाला और साहनेवाल में रुकेगी, लेकिन जालंधर में नहीं। जालंधर पंजाब का एक बड़ा हिस्सा है। इससे शहर के लोग काफी निराश हैं। सांसद रिंकू ने कहा- इसी के चले शहर के लोगों को परिवहन के अन्य अप्रत्यक्ष साधनों जैसे बसों पर निर्भर रहना पड़ता है।
सांसद सुशील कुमार रिंकू ने रेल मंत्री से कहा- जालंधर पंजाब का एक हलचल वाला बड़ा शहर है। यहां से हजारों यात्री प्रतिदिन जालंधर से आते-जाते हैं। फिर चाहे वो बिजनेसमैन हो या फिर जॉब प्रोफाइल वाले लोग। उन्होंने दावा किया कि जालंधर स्टेशन पर ठहराव से उत्तर रेलवे को मौजूदा राजस्व का लगभग 3 गुना अधिक राजस्व प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली से अमृतसर और अमृतसर से दिल्ली के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस संभवित 30 से 31 दिसंबर के बीच शुरू होगी। अभी तक जालंधर में वंदे भारत का स्टॉपेज नहीं रखा गया था। मगर मंत्री से मिलने के बाद अब जालंधर को रूट में शामिल करने की संभावना बढ़ गई है। कुछ दिनों में इसे लेकर रेल मंत्रालय इस पर फैसला ले सकता है।
















