जालंधर (आरती ) : जालंधर वेस्ट उपचुनाव को लेकर सियासी तापमान बढ़ गया है। 10 जुलाई को होने वाले मतदान में अब सिर्फ तीन दिन शेष हैं, और सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपने प्रचार अभियानों को तेज कर दिया है। इसी बीच, जालंधर के प्रेस क्लब में पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू ने एक प्रेस वार्ता के दौरान मौजूदा सांसद चरणजीत सिंह चन्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
सुशील रिंकू ने चरणजीत सिंह चन्नी को 6 पन्नों का कानूनी नोटिस भेजा है, जिसमें उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को झूठा बताया है। साथ ही, उन्होंने चन्नी को 5 करोड़ रुपये की मानहानि का नोटिस भी दिया है। रिंकू का कहना है कि उनके परिवार ने वेस्ट हलके की सेवा में कोई कमी नहीं छोड़ी है और उनका उद्देश्य हमेशा जालंधर के लोगों की सेवा करना रहा है।
रिंकू ने बताया कि उन्होंने सांसद चुने जाने पर चन्नी को बधाई दी थी और फोन पर उनसे बात भी की थी। लेकिन अब चन्नी द्वारा उन पर दड़ा सट्टा करवाने के आरोप लगाए जाने से वह और उनका परिवार आहत हैं। रिंकू ने प्रेस वार्ता के दौरान एक वीडियो भी दिखाया जिसमें चन्नी उनके खिलाफ आरोप लगाते नजर आ रहे हैं।
रिंकू ने कहा कि जब वह कांग्रेस में थे, तब चन्नी उनकी तारीफ करते थे। अब अचानक उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। रिंकू ने बताया कि उन्होंने चन्नी को कानूनी नोटिस भेजा है और उनसे या तो इन आरोपों का जवाब देने या माफी मांगने की मांग की है।

















