जालंधर /लुधियाना (दिव्या ) : महानगर में लूटपाट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हैबोवाल इलाके में दिनदहाड़े लुटेरों ने गैस सिलेंडर डिलीवरी करने जा रहे दो युवकों को निशाना बनाया। घटना 3 सितंबर की है, जब हरप्रभ गैस एजेंसी चूहड़पुर के कर्मचारी गिर्जेश और हरविंदर यादव वचन सिंह मार्ग पर रुके थे। बाथरूम के लिए रुके दोनों युवकों पर दो लुटेरों ने तलवार के बल पर हमला किया। लुटेरों ने गिर्जेश का मोबाइल और 2200 रुपये की नकदी छीन ली, जबकि हरविंदर यादव से सिलेंडरों की बिक्री की रकम 21 हजार रुपये लूट ली।
गिर्जेश ने पुलिस को बताया कि लुटेरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। घटना की सूचना मिलते ही थाना हैबोवाल पुलिस हरकत में आई और राम नगर निवासी गिर्जेश के बयान पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज किया। एएसआई ओम प्रकाश ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।













