जालन्धर/होशियारपुर(नेहा): होशियारपुर बीती रात पंजाब के होशियारपुर-जालंधर हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब एलपीजी से भरे एक टैंकर में भीषण धमाका हो गया। यह हादसा मंडियालां के पास स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम बोटलिंग प्लांट से कुछ दूरी पर हुआ। धमाका इतना तेज़ था कि आसपास के कई किलोमीटर तक इसकी गूंज सुनाई दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके के बाद टैंकर में आग भड़क उठी और देखते ही देखते आग की लपटों ने आसपास खड़ी गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि आग इतनी भयानक थी कि उसे काबू पाने में घंटों लग गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में कई लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस प्रशासन ने इलाके को घेराबंदी कर लिया है और राहत-बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि फिलहाल इस रास्ते से आवागमन न करें।
इस हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी दुर्घटना उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। सरकार और प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंच गई है।
यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़े करता है कि हाईवे पर खतरनाक रसायनों से भरे टैंकरों की सुरक्षा व्यवस्था कितनी पुख्ता है। लोगों की जान को जोखिम में डालकर ऐसे वाहन अक्सर बिना सुरक्षा इंतज़ामों के सड़कों पर दौड़ते हैं।


















