जालंधर (sneha) : पंजाब में अगले चार दिन के अंदर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 27 नवंबर को प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है। बारिश के कारण दिन और रात के तापमान में दो डिग्री तक गिरावट हो सकती है। इसके अलावा कोहरे का प्रकोप भी बढ़ेगा। फिलहाल पंजाब में सुबह के समय कुछ जगहों पर कोहरा गिर रहा है, लेकिन बारिश के बाद कोहरा और घना होने की संभावना है।
कई दिनों से बारिश नहीं हुई है, फिर भी राज्य के सभी जिलों में तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। जबकि पिछले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस और पिछले पांच दिनों में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयी है।
इस बीच एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बारिश की प्रबल संभावना है। उधर, विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) का स्तर भी नीचे चला जाएगा। बारिश से हवा में मौजूद धूल के कण साफ हो जाएंगे।

















