जालंधर (sneha) : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कहा कि सिलक्यारा सुरंग में फंसे रहे सभी श्रमिकों को राज्य सरकार एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी की सिल्क्यारा टनल में फंसे 41 मजदूर मंगलवार (28 नवंबर) को सुरक्षित बाहर आ गए। मजदूरों के बाहर आने पर सभी देशवासी बेहद खुश हैं और इनके परिवारों के लिए तो यह दिवाली जैसा है। 12 नवंबर को जब पूरा देश दिवाली मना रहा था तब ये मजदूर अंधेरे में थे। 17 दिनों के रेस्क्यू ऑपरेशन में देशभर की अलग-अलग टीमें लगी थीं, विदेशों से एक्सपर्ट बुलाए गए, बड़ी-बड़ी मशीनें रेस्क्यू ऑपरेशन में उतारी गईं। मंगलवार को इतने दिनों की मेहनत रंग लाई और सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। 17 दिनों का यह समय सुरंग में फंसे मजदूरों के लिए बेहद मुश्किल भरा था।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इसके अलावा श्रमिकों के अस्पताल में इलाज और उनके घर जाने तक की पूरी व्यवस्था की जाएगी। धामी ने कहा कि सुरंग से बाहर निकालने के बाद सभी श्रमिकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में इलाज पर होने वाला खर्च भी सरकार उठाएगी। धामी ने कहा कि ग्रामीणों ने बाबा बौखनाग का मंदिर बनाने की मांग उठाई है जिसे सरकार पूरा करेगी । उन्होंने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जल्द मंदिर निर्माण की कार्रवाई शुरू कर दी जाए।

















