जालंधर/अमृतसर (sneha) : मादक पदार्थ की तस्करी के एक मामले की जांच कर रही पंजाब पुलिस की विशेष जांच टीम SIT ने शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को उसके समक्ष 18 दिसंबर को 11 बजे उपस्थित होने के लिए कहा है। मजीठिया ने सोमवार को ट्विटर पर सम्मन की एक प्रति साझा करते हुए इसे ‘प्रेम पत्र’ बताया। SIT का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुखविंदर सिंह चिन्ना कर रहे हैं। मजीठिया ने कहा, ‘भगवंत मान ने प्रेम पत्र भेजा है!’’ पूर्व अकाली मंत्री और शिअद के नेता मजीठिया पर पूर्ववर्ती चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के दौरान 20 दिसंबर, 2021 को स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मजीठिया पर एनडीपीएस अधिनियम की धारा 25, 27ए और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था। उनके खिलाफ यह कार्रवाई राज्य में एक मादक पदार्थ गिरोह पर एक विशेष कार्य बल की 2018 की रिपोर्ट के आधार पर की गई थी। इससे पहले शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने आम आदमी पार्टी की सरकार में मंत्री हरजोत सिंह बैंस पर अवैध खनन कराने का बड़ा आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने कहा कि मंत्री की ओर से रोपड़ में कथित तौर पर किए जा रहे करोड़ों रुपये के अवैध खनन की हाईकोर्ट की निगरानी में या सीबीआई जांच की मांग की।

















