जालंधर (sneha) : हिमाचल प्रदेश में इस बार बर्फबारी न होने से पंजाब और हरियाणा में ज्यादा ठंड देखने को मिल रही है। हिमाचल में बारिश न होने से गर्मियों में बिजली, पानी और कृषि के लिए ये चिंताजनक हो सकता है। यहां इस साल 122 साल का रिकॉर्ड टूट गया है और सूखे के हालात पैदा हो गए हैं।
हरियाणा और पंजाब में बीते कल के मुकाबले आज धुंध काफी अधिक कम है। अमृतसर में विजिबिलिटी 600 मीटर है, जो बीते दिन 25 मीटर थी। वहीं पटियाला और हरियाणा के अंबाला में विजिबिलिटी 200 मीटर है। इससे पहले मौसम विभाग ने हरियाणा के महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत में धुंध का रेड अलर्ट जारी किया था।
वहीं पंजाब के अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में धुंध का रेड अलर्ट किया गया था। मौसम विभाग ने चंडीगढ़ में कोल्ड वेव की चेतावनी जारी की है। जालंधर में आज धुंध का रेड अलर्ट जारी किया गया है। सुबह धुंध रहेगी और बाद में धूप निकलने के आसार हैं। तापमान 6 से 15 के बीच रहने की संभावना है।


















