गणतंत्र दिवस को देखते हुए, राज्य के सभी AGs और IGs फील्ड में उतरे हुए हैं और अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। गणतंत्र दिवस पर पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित, मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्य के अन्य मंत्रीगण द्वारा फहराए गए राष्ट्रीय ध्वजों को देखते हुए डीजीपी गौरव यादव ने सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को हैडक्वार्टर से बाहर भेजा है। गणतंत्र दिवस पर राज्य में अमन व शांति बनाए रखने के लिए 20,000 से अधिक पुलिस बल लगाए गए हैं।
गणतंत्र दिवस में अभी 1 दिन का समय शेष है जिसे देखते हुए आज से ही सभी अधिकारियों ने फील्ड में जाकर संबंधित पुलिस कमिश्ररों तथा एस.एस.पीज. के साथ तालमेल बिठाते हुए सुरक्षा को लेकर योजना बनानी शुरू कर दी है। आज राज्य के विभिन्न शहरों व जिलों में सीनियर पुलिस अधिकारियों ने जिलों के अधिकारियों के साथ मिलकर चैकिंग की और संदिग्ध स्थानों पर विशेष पुलिस दस्तों को तैनात किया गया है।
राज्य के भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों जैसे बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों तथा अंदरुनी बाजारों में विशेष सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसी तरह से जिन स्थानों पर गणतंत्र दिवस वाले दिन परेड का आयोजन किया जाना है वहां पर सुरक्षा के अतिरिक्त प्रबंध करते हुए शहरों में आने-जाने वाले मार्गों को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। डी.जी.पी. ने सभी पुलिस अधिकारियों का उत्तरदायित्व तय करते हुए उनके कंधों पर सुरक्षा की कमान सौंपी। पंजाब चूंकि सीमावर्ती राज्य है इसलिए सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।


















