पंजाब के जालंधर में बहुचर्चित करमा फैशन के बाहर शनिवार को एक धमकी भरा पत्र मिलने से सनसनी फैल गई। थ्रेट लेटर के साथ एक जिंदा रौंद भी मिला। लेटर और रौंद पीड़ित ने थाना-4 की पुलिस के हवाले कर दिया है। मामले की शिकायत करमा फैशन के मालिक राघव द्वारा पुलिस को दी गई है।
राघव ने बताया कि लेटर में लिखा था कि ये रौंद तुम्हें बतौर गिफ्ट भेजा है। अगर, आप हमसे बात नहीं करोगे तो इसी रौंद से आपको नुकसान भी पहुंचा सकते हैं। राघव के मुताबिक लेटर में GB और LB लिखा हुआ था। लेटर उनके सिक्योरिटी गार्ड को मिला था। राघव ने बताया कि जिस एरिया में लेटर फेंका गया, उक्त एरिया में सीसीटीवी कवर नहीं करता। जिसके चलते सीसीटीवी सामने नहीं आ गया है। घटना की सूचना मिलते ही थाना-4 और सीआईए स्टाफ की टीमें जांच के लिए मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी चेक करने शुरू कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार ये सारा घटनाक्रम सुबह के वक्त का है। जब शोरूम के सिक्योरिटी गार्ड को एक पत्र और जिंदा खोल मिला। सिक्योरिटी गार्ड ने तुरंत मामले की जानकारी अपने मालिक को दी। लेटर में दो नाम लिखे गए हैं। जिसमें एक एलबी (लॉरेंस बिश्नोई) और दूसरा जीबी (गोल्डी बराड़) हैं। लेटर हिंदी में लिखा गया है। जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। करमा फैशन के मालिक राघव ने बताया कि उन्हें पिछले काफी समय से थ्रेट कॉल आ रहे थे। इसकी शुरुआत पिछले माह हुई थी। पीड़ित ने कहा- पहले तो उन्होंने समझा कि कोई साइबर ठग परेशान कर रहा है। जिसके चलते उन्होंने शिकायत नहीं दी थी। राघव ने बताया कि जैसे जैसे उसे कॉल आता वह उक्त नंबर ब्लाक कर देता था। मगर आज लेटर मिलने के बाद से सारा परिवार डरा हुआ है।


















