जालंधर/ दीनानगर (आरती ) : लोकसभा चुनाव के मद्देनजर, लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करने के लिए आज पंजाब पुलिस और बीएसएफ के जवानों द्वारा सीमा क्षेत्र के बहरामपुर, दौरागला आदि जगहों पर फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च बहरामपुर थाने से आरंभ हुआ। जिला पुलिस अधीक्षक एस.एस.पी. हरीश दायमा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव की घोषणा कर दी है, जिसके बाद पूरे देश में आदर्श चुनाव संहिता लागू हो गई है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा आदर्श चुनाव आचार संहिता का सख्ती से पालन किया जा रहा है और पिछले कुछ दिनों से कई संस्थाएं चुनाव प्रक्रिया में शामिल हैं और साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों को भी आदर्श चुनाव आचार संहिता के निर्देशों से अवगत किया गया है।
एस.एस.पी. ने कहा कि आज के फ्लैग मार्च का मंतव लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करना है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की पूरी टीम इन चुनावों को निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह से तैयार है। लोगों को किसी से डरने या दबाव में आने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है। इस फ्लैग मार्च के माध्यम से असामाजिक तत्वों को यह संदेश भी दिया गया है कि वे चुनाव के दौरान भय या आतंक का माहौल बनाने के बारे में सोचें भी नहीं, क्योंकि ऐसे तत्वों के साथ जिला प्रशासन और उनके सुरक्षा बल निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
एस.एस.पी. गुरदासपुर हरीश दायमा ने अपील की कि मतदान एक संवैधानिक अधिकार है और सभी मतदाताओं को बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचना चाहिए।


















