जालंधर(नवनीत कौर) : पंजाब जालंधर वेस्ट के विधायक शीतल अंगुराल को लेकर खबर सामने आई है। हाईकोर्ट के फैसले से पहले ही शीतल अंगुराल के वकील ने ब्लैंकेट बेल को वापिस ले लिया है। बता दें कि विधायक शीतल अंगुराल ने हाईकोर्ट में ब्लैंकेट बेल लगाकर कोर्ट को कहा था कि उसे और उसके परिवार को झूठे केस में फंसाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि शीतल अंगुराल गिरफ्तारी के डर से हाईकोर्ट पहुंचे तथा ब्लैंकेट बेल की मांग की थी। शीतल का कहना है कि जबसे उन्होंने भाजपा ज्वाइन की है, तबसे आम आदमी पार्टी की सरकार उन्हें तंग कर रही है और किसी भी झूठे केस में फंसा कर गिरफ्तार कर सकती है।शीतल अंगुराल के भाजपा ज्वाइन करने के बाद शहर में उनका काफी विरोध भी हुआ था तथा उनके घर के बाहर लोगों द्वारा तोड़-फोड़ भी की गई थी। जिसके बाद शीतल व रिंकू, दोनों नेताओं ने केंद्र से सुरक्षा के लिए जवानों की मांग की थी। केंद्र ने दोनों नेताओं को सुरक्षा भी मुहैया करवा दी गई है, लेकिन पंजाब सरकार का दबाव शीतल अंगुराल पर लगातार बढ़ता देख उन्होंने हाईकोर्ट का रुख किया।

















