जालंधर (आरती ) : दिल्ली आबकारी नीति मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी गिरफ्तारी और रिमांड को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 26 जून को केजरीवाल को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उन्हें तीन दिनों की सीबीआई रिमांड पर भेजा गया था। इसी रिमांड को केजरीवाल ने हाई कोर्ट में चुनौती दी है।

29 जून को सीबीआई की रिमांड समाप्त होने पर अदालत ने केजरीवाल को 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जो 12 जुलाई तक चलेगी। पीटीआई न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, सीबीआई ने अपनी रिमांड याचिका में दावा किया कि हिरासत में पूछताछ के दौरान केजरीवाल ने जांच में सहयोग नहीं किया और जानबूझकर गोलमोल उत्तर दिए।
केजरीवाल को इससे पहले 21 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने 10 मई को उन्हें 21 दिनों की अंतरिम जमानत प्रदान की थी। केजरीवाल ने दो जून को तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था और तब से वे वहीं पर हैं।













