जालंधर/शाहपुर (आरती ) : शाहपुर से प्रतापपुरा जाते समय एक गंभीर सड़क दुर्घटना में दो युवक घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों युवक स्कूल में टीचर का इंटरव्यू देकर लौट रहे थे। वाई प्वाइंट पर उनकी एक्टिवा एक इनोवा गाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक्टिवा इनोवा के नीचे आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर (प्रतापपुरा) पुलिस चौकी के इंचार्ज नारायण गौढ़ और ए.एस.आई. कश्मीर सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने तुरंत एम्बुलेंस का प्रबंध कर गंभीर रूप से घायल युवकों को अस्पताल भेजा। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने इंटरव्यू देकर लौट रहे जसप्रीत सिंह (चंडीगढ़ निवासी) को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसका दोस्त अमनप्रीत सिंह (कपूरथला निवासी) का उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, अमनप्रीत की हालत अब खतरे से बाहर है।
चौकी इंचार्ज नारायण गौढ़ ने बताया कि इनोवा गाड़ी के चालक मंगत राम (हमिरी खेड़ा निवासी) को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत थाना सदर जमशेर में केस दर्ज कर लिया गया है। जसप्रीत सिंह के शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त इनोवा और एक्टिवा को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और आरोपी मंगत राम से पूछताछ जारी है।


















