नेशनल डेस्क : उत्तराखंड के पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत और नैनीताल में भी भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। आज सुबह से ही राजधानी देहरादून में काले बादल छाए हुए हैं और पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार 17 जुलाई से मानसून की रफ्तार तेज होने वाली है, जिसके चलते राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। विभाग ने उत्तराखंड में आने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए भी चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के 13 में से 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद पुलिस और प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। प्रशासन ने सुरक्षा उपायों को सख्त कर दिया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। तीर्थयात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इस बीच, देहरादून में भी सुबह से काले बादलों के कारण मौसम में बदलाव देखा जा रहा है, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार है।

















