नेशनल डेस्क : पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय शूटर मनु भाकर ने नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। मनु भाकर ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। मंगलवार को उन्होंने सरबजोत सिंह के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। इस जोड़ी ने ली वोनहो और ओह ये जिन के खिलाफ 16-10 के स्कोर से मुकाबला अपने नाम किया। इससे पहले भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा में भी कांस्य पदक जीता था।
गौरतलब है कि इससे पहले ब्रिटिश-भारतीय एथलीट नॉर्मन प्रिचर्ड ने 1900 के ओलंपिक में 200 मीटर स्प्रिंट और 200 मीटर बाधा दौड़ में दो रजत पदक जीते थे। भाकर की इस उपलब्धि ने भारतीय खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।

















