नेशनल डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोलैंड और यूक्रेन की अपनी ऐतिहासिक यात्रा पूरी कर भारत लौट चुके हैं। इस दौरे के दौरान, पीएम मोदी ने पोलैंड और यूक्रेन के साथ द्विपक्षीय मुद्दों पर महत्वपूर्ण वार्ताएँ कीं। उनकी यात्रा के बाद रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष के समाप्त होने की संभावनाएँ बढ़ गई हैं। इस संदर्भ में, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने टिप्पणी की कि भारत इस संघर्ष को समाप्त करने में एक अहम भूमिका निभा सकता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को यूक्रेन की सात घंटे की यात्रा के बाद कीव से प्रस्थान किया। इस दौरान, उन्होंने राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ “सार्थक वार्ता” की और रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने में व्यक्तिगत योगदान देने का आश्वासन दिया।
यात्रा समाप्त होने के बाद, पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, “यूक्रेन की मेरी यात्रा ऐतिहासिक रही। भारत-यूक्रेन की मित्रता को मजबूत करने के उद्देश्य से मैं यहां आया था। राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ बातचीत बहुत प्रभावशाली रही। भारत का दृढ़ विश्वास है कि शांति बनी रहनी चाहिए। मैं यूक्रेन की सरकार और जनता को उनके आतिथ्य के लिए धन्यवाद देता हूं।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कीव में राष्ट्रपति जेलेंस्की को आश्वस्त किया कि वे दोनों देशों के बीच संघर्ष समाप्त करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे और शांति स्थापित करने में सक्रिय भूमिका निभाने की तत्परता व्यक्त की। यह ध्यान देने योग्य है कि रूस ने 24 फरवरी 2022 को यूक्रेन पर हमला किया था, जिसके बाद से युद्ध जारी है।












