जालंधर (sneha) : पंजाब में गुरुवार सुबह घनी धुंध के कारण विजिबिलिटी जीरो हो गई है। हरियाणा और चंडीगढ़ भी धुंध की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने पंजाब के साथ हरियाणा में धुंध का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 20 जनवरी से धुंध में कुछ राहत मिलने के आसार हैं।पिछले दिनों हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के ऊपरी हिस्सों में हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में हुआ। आज चंडीगढ़ और हिमाचल के कुछ हिस्सों में धुंध छाएगी। हालांकि दोपहर तक यहां धूप निकलने की संभावना है। हरियाणा के 16 जिलों में मौसम ज्यादा खराब रहेगा। अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल में घने कोहरे-कोल्ड डे का ऑरेंज अलर्ट, वहीं हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, मेवात, गुरुग्राम, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, यमुनानगर और पंचकूला में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पंजाब के 14 जिलों में मौसम ज्यादा खराब रहेगा। यहां सुबह धुंध रहेगी, लेकिन दोपहर तक धूप निकलने की संभावनाएं है। गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना, बठिंडा, बरनाला और मानसा में ऑरेंज अलर्ट है।


















