जालंधर/लुधियाना(नवनीत कौर) : शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल की अचानक तबीयत खराब होने के कारण उन्हें ‘पंजाब बचाओ यात्रा’ बीच में छोड़कर चंडीगढ़ जाना पड़ा।सुखबीर बादल की तबीयत बिगड़ने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब बचाओ यात्रा कमान संभाल ली है। प्रमुख बात है कि पंजाब बचाओ यात्रा मंगलवार को कूमकलां के गांवों में गुजरती हुई साहनेवाल में समाप्त होनी है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को श्री माछीवाड़ा साहिब में यात्रा के बाद उनकी हालत बिगड़ी थी। उन्हें डायरिया हो गया है। रात को उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने के कारण बिक्रम सिंह मजीठिया को बुलाकर यात्रा जारी रखने को कहा गया। सुबह सुखबीर बादल को पहले लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में ले जाने की तैयारी की गई थी और इस संबंध में बाकायदा अस्पताल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन को सूचित कर दिया गया था, लेकिन अंतिम समय में सुखबीर को चंडीगढ़ ले जाने का फैसला लिया गया। सुखबीर के लौटने के बाद कूमकलां में मजीठिया यात्रा के साथ चल रहे हैं। लोकसभा चुनाव को देखते हुए शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल द्वारा पंजाब बचाओ यात्रा शुरू की गई थी।पंजाब बचाओ यात्रा के लिए पूर्व विधायक हरमीत सिंह संधू की अगुआई में शिअद कार्यकर्ताओं द्वारा सुखबीर बादल का पार्टी की झंडियां लेकर स्वागत किया गया। सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि पंजाब बचाओ यात्रा का उद्देश्य आम आदमी पार्टी की सरकार से प्रदेश के हितों को बचाना है।
















