लुधियाना में सरस्वती पूजा में हुआ हादसा,सिलेंडर ब्लास्ट से 2 बच्चों सहित 7 लोग झुलसे

0
60

पंजाब के लुधियाना में इलाका कंगनवाल स्थित सरस्वती पूजा समारोह के दौरान एक वेहड़े में सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। धमाके से पूरा इलाका दहल गया। हादसा इतना भयानक था कि कुल 7 लोग झुलस गए। लोगों ने सिलेंडर में लगी आग को बुझाया। वेहड़े में खेल रहे 2 बच्चे भी गंभीर रूप से झुलस गए। फिलहाल तीन लोगों की पहचान अभी तक हो पाई है।

घायलों में दो बच्चों सहित एक व्यक्ति को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। डॉक्टरों ने बच्चों की हालत गंभीर देख उन्हें PGI रेफर कर दिया है। झुलसे लोगों की पहचान साहिल (10), साक्षी (11) और पवन कुमार (29) के रूप में हुई है। बाकी 4 घायलों को किन अस्पतालों में ले जाया गया हैं, इसकी अभी जानकारी नहीं मिल पाई। इस मामले में थाना साहनेवाल पुलिस अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंच जांच की गई है। जानकारी देते हुए सिगम राज पांडे ने बताया कि वह कंगनवाल के रहने वाले हैं। उनके पड़ोस के वेहड़े में सरस्वती पूजा समारोह आयोजित किया जा रहा था। उनका बेटा और पड़ोसी की बच्ची वहीं खेल रहे थे। अचानक रात सवा 9 बजे बेटा कमरे में आया तो उसके कपड़ों में आग लगी हुई थी। लोगों की मदद से तुरंत आग बुझाई।

इसी तरह एक बच्ची साक्षी के भी आग लगी थी। दोनों बच्चों को तुरंत सिविल अस्पताल दाखिल करवाया गया। डॉक्टरों ने फिलहाल साहिल और साक्षी को PGI रेफर कर दिया है। ब्लास्ट होने से उक्त गैस सिलेंडर ने बिल्डिंग की दीवारें फाड़ दी। जबकि, आग की लपटें दूर तक गईं। वेहड़े में खेल रहे बच्चे इस आग की चपेट में आ गए और बुरी तरह से झुलस गए। साहिल और साक्षी करीब 65 फीसदी जल गए हैं। हादसे के बाद इलाके में सहम है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here